कायाकल्प टीम ने जांची अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं

 


रुड़की (संवाद-सूत्र)। सिविल अस्पताल रुड़की में सोमवार को राज्य की कायाकल्प टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। अधिकांश व्यवस्थाओं पर टीम ने संतोष जताया। हालांकि वार्ड के बेड के खराब पेंट पर टीम ने उनका रंग-रोगन कराने के लिए कहा है।

       सिविल अस्पताल रुड़की ने इस बार फिर से कायाकल्प योजना के तहत आवेदन किया है। रुड़की अस्पताल दो बार कायाकल्प योजना में प्रथम स्थान हासिल कर चुका है। कायाकल्प योजना केंद्र सरकार की ओर से संचालित है। योजना के तहत अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया जाता है। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं वाले अस्पताल को पुरस्कार दिया जाता है। सिविल अस्पताल रुड़की कायाकल्प योजना के तहत दो बार प्रदेश में प्रथम आ चुका है। प्रथम आने पर अस्पताल को दो बार 15 लाख रुपये का पुरस्कार मिल चुका है। इस बार फिर से अस्पताल ने कायाकल्प योजना में प्रतिभाग करने के लिए आवेदन किया था। इसके चलते सोमवार को देहरादून स्थित कोरोनेशन अस्पताल से कायाकल्प की टीम में क्वालिटी मैनेजर आरती शर्मा के नेतृत्व में सिविल अस्पताल रुड़की पहुंची। टीम में कोरोनेशन अस्पताल के डा. महेश खेतान और डा. रितू खेतान शामिल थी। टीम ने सबसे पहले अस्पताल में केंद्र की ओर से संचालित स्वास्थ्य योजना के बारे में जानकारी ली। साथ ही कितने मरीज योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं, इसकी भी जानकारी ली। इसके बाद अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं से संबंधी सूचना जुटाई और दस्तावेज भी देखे। साथ ही ओपीडी, वार्ड, आपरेशन थियेटर, भोजन व्यवस्था, लेबर रूम, ट्रामा सेंटर, पैथोलाजी लैब, आइसीयू वार्ड, आक्सीजन जेनरेशन प्लांट आदि सहित सेवाएं भी देखी। वार्ड में भर्ती मरीजों से भी अस्पताल में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में पूछा। अस्पताल की सफाई व्यवस्था को टीम ने बेहतर बताया। आइसीयू वार्ड, लेबर रूम आदि को उच्च कोटी का बताया। टीम की क्वालिटी मैनेजर आरती शर्मा ने बताया कि अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली हैं। डस्टबीन आदि व्यवस्थित रूप से मिले। कुछ बिजली के तार सही ढंग से नहीं थे, जिनके बारे में अस्पताल प्रबंधन को बता दिया गया है। बता दें कि राज्य की कायाकल्प टीम के बाद अब केंद्र से कायाकल्प की टीम आकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेगी। इस मौके पर अस्पताल के मैनेजर अंकित राणा आदि मौजूद रहे।