27 फरवरी से शुरू होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान:-डीएम
रुद्रपुर (संवाद-सूत्र)। कोविडकाल में राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए डीएम ने स्वास्थ्य विभाग सहित अधीनस्थों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर बैठक ली। उन्होंने आदेशित किया कि पोलियो खुराक का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए अधीनस्थों की सजगता बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में 27 फरवरी से शुरू होना वाला पोलियो प्रतिरक्षण अभियान पांच मार्च तक चलेगा।
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम युगल किशोर पंत ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षकों और जिला टास्क फोर्स की बैठक में अधिकारियों से कहा पल्स पोलियो अभियान में लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पोलियो बूथों पर कोविड-19 नियम का पालन करते हुए पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी। उन्होंने नाराजगी जताते हुए बताया कि पिछले वर्ष का लक्ष्य संतोषजनक नहीं रहा। सीएमओ ने आदेशित किया कि ब्लाक स्तर पर शीघ्र बैठक कर कार्य को सफल बनाने के लिए ठोस कदम उठाएं। इस वर्ष जिले में 2.70 लाख माताओं के मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजना सुनिश्चित किया है। जिन स्थानों पर कम वैक्सीनेशन होता है, ऐसे बूथों पर ज्यादा ध्यान दें। आशा कार्यकत्रियां घर-घर जाकर पोलियो की वैक्सीन का काम करेगी। सीएमओ डॉ. सुनीता चुफाल रतूड़ी ने बताया कि जिले में पांच वर्ष तक के 270382 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें 1164 फिक्स बूथ, 86 ट्रांजिट बूथ व 52 मोबाइल बूथ कुल 1302 बूथ बनाए गए हैं। अभियान काल में 2604 वैक्सीनेटर व 255 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। 131264 घरों के लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत घर-घर भ्रमण के लिए 684, ट्रांजिट टीम 104 व मोबाइल टीम 48 कुल 836 टीमों का गठन किया गया है। इस मौके पर सीडीओ आशीष भटगई, एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आशुतोष पन्त, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. महेश चन्द्र जोशी, सीईओ जिला शिक्षा अधिकारी एके सिंह, डीपीआरओ आरसी त्रिपाठी, डीओ पीआरडी मोहन सिंह नगन्याल आदि मौजूद रहे।

