दो सूत्रीय मांगों को लेकर लामबंद हुए रोडवेज कर्मचारी
रुद्रपुर (संवाद -सूत्र)। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर रुद्रपुर रोडवेज परिसर में कार्मिकों ने दो सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। जिसके चलते कार्मिकों ने दो घंटे का कार्यबहिष्कार कर मांगे पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
शनिवार को शाखा अध्यक्ष रविंद्र यादव की मौजूदगी में परिषद के पदाधिकारियों व कार्मिकों ने रोडवेज परिसर में प्रदर्शन कर दो घंटे का कार्यबहिष्कार कर कहा पिछले तीन माह से निगम पर कार्मिकों का मानदेय लंबित है। जिसकी वजह से कार्मिकों को पारिवारिक जिम्मेदारी का निर्वहन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके अभी तक कार्मिकों का मानदेय जारी नहीं किया। उन्होंने शासन-प्रशासन से तीन माह का वेतन जल्द जारी करने और प्रत्येक माह की सात तारीख तक मानदेय देने की मांग की। उन्होंने आगाह किया कि यदि उनकी मांगों पर गौर नहीं किया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
इस मौके पर शाखा मंत्री इमरान खां, उपाध्यक्ष संतोष गिल, कुंवरपाल सिंह, विनीत पाठक, रमाशंकर, चरनजीत सिंह, प्रमोद पांडे आदि मौजूद थे।

