कांवड़ियों की सेवा में जुटे हैं श्रद्धालु
काशीपुर (संवाद-सूत्र)। महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक करने के लिए हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वालों का सिलसिला जारी है। कांवड़ लाने वालों की सेवा में रास्ते में भंडारा के आयोजन के साथ श्रृद्धालु पानी, फल, जूस बांटकर सेवा कर रहे हैं। हरिद्वार से कांवड़ लेकर रुद्रपुर, किच्छा, गदरपुर, शक्तिफार्म व दिनेशपुर जाने वालों का सिलसिला जारी है जिसमें महिलाएं, युवक, किशोर सभी उम्र के लोग शामिल हैं। गंगे बाबा रोड पर श्रद्धालुओं ने पंडाल सजाया है।
यहां कांवड़ लाने वालों के लिए भोजन-विश्राम की व्यस्था की गई है। कुंडेश्वरी रोड पर पार्षद अनिल कुमार एवं पूर्व प्रधान आनंद कुमार ने कांवड़ लाने वालों के लिए भंडारा और महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग स्नान घर व शौचालयों की व्यवस्था की है। इधर नगर में एमपी चैक रतन सिनेमा पर स्थित खोखा मार्केट के दुकानदारों ने रविवार सुबह से ही सेवा कार्य शुरू कर दिया। अनिल शर्मा के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने कांवड़ लाने वालों को जूस, फल व पानी की बोतलें बांटीं।
इस मौके पर सोमनाथ शर्मा, सुरेश, बद्रीप्रसाद, सतनाम, विजय आदि थे।

