किसानों को ऑर्गेनिक खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहे आईजी रावत
गूलरभोज (संवाद-सूत्र)। उत्तराखंड पुलिस के आईजी पूरन सिंह रावत पुलिस में सेवा देने के साथ ही जैविक खेती के प्रसार प्रचार में जुटे हैं। वह किसानों को ऑर्गेनिक खेती के प्रति प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने कहा रासायनिक खाद व दवाइयों से तैयार खाद्यान्न का उपयोग करने से मनुष्य लगातार असाध्य रोगों से ग्रसित होता जा रहा है। किसान भी अधिक उत्पादन के चक्कर में जमकर रासायनिक खाद व दवाइयों का प्रयोग कर रहा है।
आईजी रावत ने गूलरभोज के कोपा कृपाली गांव स्थित अपने आवास पर वेस्ट डिकम्पोजर जीवाणु आधारित खाद तैयार की है। चार वर्ष पूर्व उन्होंने खाद का पहले अपने ही गार्डन में सफल परीक्षण किया। सफलता मिलने के बाद लगातार जैविक गेहूं व धान की खेती कर रहे हैं। रावत जैविक तरीके से गुणवत्ता युक्त काली बासमती व काला नमक धान का उत्पादन कर चुके हैं। इस समय गेहूं की फसल पर भी उन्होंने जैविक खाद का प्रयोग किया। आसपास के कई किसानों को जैविक खेती से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि जैविक उत्पादों के बिक्री के लिए सरकार को प्लेटफार्म तैयार करना चाहिए। ताकि किसानों को जैविक फसलों का सही मूल्य मिल सके।

