किसान विरोधी प्रत्याशियों को हराने के लिए संयुक्त मोर्चा ने किया एकजुट होने का एलान
गदरपुर (संवाद-सूत्र)। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर किसान विरोधी प्रत्याशियों और संबंधित पार्टियों के विरुद्ध संयुक्त किसान मोर्चा ने एकजुटता का एलान किया है। मोर्चा ने किसान समर्थित प्रत्याशी को खुला समर्थन देने के लिए बैठक की।
रविवार को बुध बाजार स्थित मंडी के खलिहान परिसर में तराई किसान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सलविंदर सिंह कलसी के आह्वान पर संयुक्त मोर्चा से जुड़े किसानों ने बैठक में सहभागिता की। सलविंदर सिंह कलसी ने कहा कि किसानों ने सवा साल कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन किया था। इसमें करीब 750 किसान शहीद हो गए। सरकार ने विधानसभा चुनाव को देखते हुए तीनों काले कृषि कानून वापस ले लिए, लेकिन एमएसपी सहित विभिन्न मांगों पर सरकार का रवैया नकारात्मक ही रहा।
जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह गोराया ने कहा कि किसानों की मौत के जिम्मेदार मंत्री को बर्खास्त न करना सरकार की हठधर्मिता है। उन्होंने तय किया कि किसान विरोध ताकतों को हराने में जो भी प्रत्याशी सक्षम होगा, तराई के किसान-मजदूर एवं उनके परिजन एकजुट होकर अपना एवं अपने परिवार का वोट देंगे। साथ ही उस प्रत्याशी के समर्थन में खुला प्रचार भी करेंगे।
इस मौके पर गुरबख्श सिंह, गुरमीत सिंह, श्रेष्ठ सिंह, जसवंत सिंह, जरनैल सिंह, संदीप सिंह, सर्वजीत सिंह, दर्शन सिंह, सुखविंदर सिंह, रजवंत सिंह, सुखवंत सिंह, संदीप कुमार, सुरजीत सिंह मौजूद थे।

