रुद्रपुर मेडिकल काॅलेज में वैक्सिनेशन के पहले दिन सांस्कृतिक प्रस्तुति -12 से 14 वर्ष के बच्चों को डोज लगाने का अभियान शुरू
रुद्रपुर (संवाद-सूत्र)। कोविड संक्रमण की रोकथाम को जिले में लगातार चल रहे वैक्सीनेशन अभियान के बीच 12 से 14 वर्ष के बच्चों को भी बुधवार से डोज लगाने का अभियान शुरू हो गया।
राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस के मौके पर रुद्रपुर स्थित मेडिकल कालेज में मुख्य अतिथि सीडीओ आशीष भटगांई ने फीता काटकर शुभारंभ किया। समारोह में पल्स पोलियो अभियान के दौरान बेहतर टीकाकरण करने वाली एक एएनएम व दो आशा कार्यकर्ताओं को सीडीओ ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कोविड संक्रमण से जिले में विभिन्न आयु वर्गो के बीच लगातार वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद बुधवार को जिले के 12 से 14 वर्ष के सभी बच्चों के लिए भी वैक्सीन की डोज लगाए जाने की शुरुआत हो गई।
सीएमओ डा. सुनीता चुफाल रतूड़ी ने बताया कि जिले में कुल बच्चों की संख्या 73 हजार पंजीकृत है। इस आयु वर्ग के लिए कोरबेवैक्स वैक्सीन की डोज दी जा रही है। मेडिकल कालेज में एएनएम दीपा जोशी ने डोज लगाई। समारोह में सीडीओ ने एएनएम दीपा जोशी को उनकी सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
बच्चों ने देश भक्ति से सराबोर गीतों के बीच रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। सीडीओ ने कहा कि कोरोना से लड़ाई में हर स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों को डोज लगाए जाने के लिए जागरूक किया। प्रदेश सरकार की तरफ से भी लगातार लोगों को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक किया गया।
इस मौके पर एसीएमओ डा. हरेंद्र मलिक, एसीएमओ जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. तपन कुमार शर्मा, डब्ल्यूएचओ के कुमाऊं प्रभारी डा. मन्नू खन्ना और डा. उदय शंकर, प्रमुख अधीक्षक डा. देवेन्द्र सिंह पंचपाल मौजूद थे।
वैक्सीनेशन के पहले दिन 1421 बच्चों को लगाई डोज
रुद्रपुर। वैक्सीनेशन अभियान में बुधवार को 12 से 14 वर्ष के 1421 बच्चों को वैक्सीन की डोज दी गई है। यह कुल संख्या का मात्र दो प्रतिशत दर्ज किया गया। खटीमा ब्लाक में सर्वाधिक 378 बच्चों ने वैक्सीन की डोज लगवाई।
एसीएमओ डा. तपन कुमार शर्मा ने बताया कि रुद्रपुर में पंजीकृत 7409 बच्चों में से 252, खटीमा ब्लाक में 8315 बच्चों में से सर्वाधिक 378 बच्चों ने डोज लगवाई। इसके साथ ही सितारगंज ब्लाक में 8120 बच्चों में से 10 बच्चों ने, किच्छा में पंजीकृत 9154 बच्चों में से 10 बच्चों ने, गदरपुर ब्लाक में 7989 बच्चों में से 20 बच्चों ने, बाजपुर में 8075 बच्चों में से 216 बच्चों ने, काशीपुर में 11254 बच्चों में से 285 बच्चों ने, जसपुर में 10658 बच्चों में से 250 बच्चों ने वैक्सीन की डोज लगवाई। एसीएमओ ने बताया कि अभियान का पहला दिन होने के कारण लोगों को जानकारी नहीं हो सकी थी। उम्मीद है कि यह आंकड़ा होली के बाद बढ़ेगा।

