गदरपुर थाने में अमन कमेटी बैठक का आयोजन

संवाददाता:- सागर धमीजा 

गदरपुर। थाना परिसर में थानाध्यक्ष की अध्यक्षता में मुहर्रम, रक्षाबंधन पर्व, 15 अगस्त, जन्माष्टमी को आपसी भाईचारा और शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाने को लेकर अमन कमेटी बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार मंडल व धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं से जुड़े सभी लोगों ने भाग लिया।

       सोमवार को थाना परिसर में थानाध्यक्ष विजन्द्र शाह की अध्यक्षता में बैठक में उन्होने लोगों से आने वाले सभी प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्वक मनाने की अपील की। मुहर्रम का त्यौहार आपसी भाईचारा के साथ समुदाय के लोगो को मिलजुलकर मनाने का निर्देश दिया। मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिए उनकी ऊंचाई एवं ताजिया ले जाने का मार्ग तय किया गया है।

थाना प्रभारी विजेंद्र शाह ने कहा कि मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिए 10 फुट से कम ऊंचाई के होंगे। उनकी संख्या में बढ़ोतरी नहीं होगी और समय से ताजिए निकाले जाएंगे।

       वही उन्होंने एसएसपी मंजूनाथ टीसी द्वारा दिये गये आवश्यक दिशा निर्देशों से भी लोगों को अवगत कराया। थानाध्यक्ष शाह ने कहा कि शांति व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन चैकस हैं। उन्होंने लोगों से किसी पर्व पर कोई इंटरनेट मीडिया पर गलत टिप्पणी न करने की भी अपील की। कहा कि इंटरनेट मीडिया पर नजर रखी जा रही है, गलत लिखने व गलत पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

       कहा कि आगामी त्योहारों में किसी प्रकार की कोई समस्या ना हो व क्षेत्र में शांति व्यवस्था रखें। यदि किसी के द्वारा किसी भी तरह से कानून का उल्लंघन किया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस शरारती तत्वों पर नजर रख रही है। 

      उन्होंने कहा कि त्योहार वर्ष में एक बार आते हैं। इसे शांति से मनाने के बजाय कुछ लोग अरजकता फैलाने का काम करते हैं। पुलिस उनसे सख्ती से निपटेगी। उन्होंने लोगों से कहा कि यदि किसी को कोई समस्या होती है तो वे पुलिस को सूचित करें। उन्होंने मोहर्रम, रक्षाबंधन, 15 अगस्त आदि आगामी त्योहारों को शांति से मनाने की अपील की। 

        वही एसआई गौरव जोशी ने कहा कि पुलिस प्रशासन जनता की सेवा के लिये सदैव 24 घंटे उनके साथ हैं, तो इस कर्तव्य के नाते जनता का कर्तव्य भी बनता हैं कि वह पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करे। 

       इस मौके पर पालिकाध्यक्ष गुलाम गौस, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़, युवा व्यापार मंडल महामंत्री नितिन छाबड़ा, एलआईयू मौ0 रिजवान, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज सेतिया, शराफत अली मंसूरी, शंशाक त्यागी, सलीम, वाजिद अली, जगदीश दिवाकर, मौ0 सद्दाम सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।