राष्ट्रीय प्रवक्ता सापरा बोले- भाजपा का घमंड तोड़ेगा उत्तराखंड

 


हल्द्वानी (संवाद-सूत्र)। महंगाई के मुद्दे पर केंद्र से लेकर राज्य सरकार को घेरते हुए सोमवार को कांग्रेस ने बुकलेट जारी कर 2014 की यूपीए सरकार और भाजपा सरकार के कार्यकाल में चीजों के दाम की तुलना की। राष्ट्रीय प्रवक्ता चरण सिंह सापरा ने कहा कि आठ साल पहले बहुत हुई महंगाई की मार नारे संग सड़कों पर चिल्लाने वाली पार्टी के लोग बताए कि उसने जनता को राहत पहुंचाने की बजाय उत्पीडऩ क्यों किया। सापरा ने कहा कि उत्तराखंड की जनता 14 फरवरी को प्रचंड बहुमत वाली भाजपा का घमंड तोड़ देगी।

           कुमाऊं कार्यालय स्वराज आश्रम में दोपहर में आयोजित प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने 2017 में भाजपा पर भरोसा जताया था। लेकिन विश्वास के बदले धोखा मिला। राशन सामग्री, रसोई तेल, पेट्रोल-डीजल से लेकर हर चीज के दाम दोगुने से ऊपर हो गए। एक जनवरी से जीएसटी के दायरे में कई और चीजें भी शामिल कर दी। पूरे देश की अर्थव्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। आमदानी अठन्नी खर्चा रुपया होने के बावजूद सरकार को लोगों से कोई मतलब नहीं।                

         सापरा ने कहा कि चाय और चायवाले का प्रचार कर सत्ता पाने वाले लोगों ने चायपत्ती के दाम भी 300 रुपये पार करवा दिए। और अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए कई राज्यों में मुख्यमंत्री ही बदल डाले। उत्तराखंड इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। मोदी से लेकर धामी तक महंगाई पर नियंत्रण पाने में फेल साबित हुए हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता सापरा ने कहा कि स्व. एनडी तिवारी और हरीश रावत के कामों को जनता अब याद कर रही है। सत्ता में आते ही कांग्रेस विकास के इतिहास को फिर दोहराएगी। 

         इस दौरान राष्ट्रीय सचिव जरिता लैतफलांग, महानगर अध्यक्ष राहुल छिम्वाल मौजूद थे।