ऊधमसिंहनगर जिले चौकी इंचार्ज ने खड़ी फसल जोतवाकर दिला दिया कब्जा



किच्छा  (संवाद-सूत्र)। ऊधमसिंहनगर जिले के कलकत्ता फार्म चौकी क्षेत्र में सरसों की खड़ी फसल जोतवाकर भूमि कब्जाने के मामले में चौकी प्रभारी कैलाश चंद्र नगरकोटी सहित छह लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित ने पुलिस पर भूमि कब्जाने वालों पर करवाई न कर उसको ही थाने में बैठा धमकाने का आरोप लगाया है।

         वार्ड नंबर 36 चुरू राजस्थान, हाल निवासी गंगापुर चमरान किच्छा राजपाल सिंह ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी पत्नी, साली व परिवार के लोगों के नाम गांव में भूमि है। जिस पर सरसों बोई थी। इस जमीन पर वह झोपड़ी बना कर अपने बेटे दिलीप सिंह के साथ रहता है। पांच दिसंबर की सुबह सर्वजीत सिंह, प्रीतपाल सिंह, नंद किशोर व भीम सिंह निवासी ग्राम बखपुर थाना किच्छा तथा छवेग सिंह निवासी माता फार्म नजीमाबाद, किच्छा तीन ट्रैक्टरों पर अपने साथ कुछ लोगों को लेकर पहुंचे।

           खेत में बोई सरसों की फसल को जबरदस्ती जोतने लगे। विरोध पर हमला कर दिया। अन्य लोगों को आता देख धमकी दे चले गए। इसके बाद फिर फसल जोतने लगे। आरोप है कि कलकत्ता पुलिस चौकी प्रभारी कैलाश चंद्र नगरकोटी के मोबाइल पर सूचना दी तो उसे ही चौकी लाकर बैठाने के बाद धमकाया गया। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने सर्वजीत सिंह, प्रीतपाल सिंह, नंद किशोर, भीम सिंह, छवेग सिंह और कलकत्ता फार्म चौकी प्रभारी कैलाश चंद्र नगरकोटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।