पोल से टकराकर निजी कंपनी के आर्किटैक्ट की मौत
काशीपुर (संवाद-सूत्र)। एक निजी कंपनी में कार्यरत आर्किटैक्ट की बाइक बिजला पोल से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल आर्किटैक्ट को एंबुलेंस 108 ने अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव उसके परिजनों को सौंप दिया है।
जनपद पौड़ी ब्लॉक धूमाकोट के ग्राम पीपली निवासी राजे सिंह रावत (25) पुत्र सतेंद्र सिंह रावत का परिवार पीरुमदारा के मानसरोवर कॉलोनी में रहता है। राजे सिंह रामनगर की एमएस एसोसिएट्स में आर्किटैक्ट के पद पर कार्यरत था। मंगलवार को वह अपने ताऊ के घर आया था। देर रात वह अपनी बाइक से लौट रहा था कि पीरुमदारा के पास घने कोहरे के चलते उसकी बाइक बिजली पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 108 ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे कटोराताल चैकी प्रभारी नवीन बुधानी ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक अविवाहित था। तीन भाइयों में वह सबसे छोटा था। परिवार में माता-पिता के अलावा एक बहन भी है।

