चीनी मिल में किसानों के साथ मारपीट, हंगामा

 


बाजपुर (संवाद-सूत्र ) चीनी मिल में छोटी चेन पर किसान गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खाली करा रहे थे। इसी दौरान वहां गन्ना उठाने वाले मजदूरों से किसी बात का लेकर उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि मजदूरों ने किसानों पर गन्ने से हमला कर दिया। गुस्साए किसानों ने मुख्य गन्ना अधिकारी का घेराव किया। मुख्य गन्ना अधिकारी ने घटना से जीएम को अवगत कराने का भरोसा दिया, जिस पर मामला शांत हुआ।

      चीनी मिल में सोमवार करीब ढाई बजे अब्दुल्ला और असगर अली ट्रैक्टर ट्राली से गन्ना लेकर पहुंचे थे। उनका नंबर आने पर दोनों किसान मिल की छोटी चेन पर ट्राली खाली कर रहे थे। इसी दौरान ठेकेदार की तरफ से लगे मजदूरों और किसानों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मजदूरों ने गाली गलौज करते हुए किसानों पर हमला कर दिया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए।

       सूचना पर वहां पहुंचे मुख्य गन्ना अधिकारी डॉ.राजीव अरोरा का किसानों ने घेराव कर दिया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। किसानों ने शिकायती पत्र भी सौंपा। जिस पर उन्होंने कार्रवाई के लिए मिल महाप्रबंधक को घटना से अवगत कराने का भरोसा दिया।

इस मौके पर शाकिर अली, गुरमेज सिंह, धर्मपाल, सतीश, फिरासत अली, सुखचैन सिंह, सुरजीत सिंह, सोनू आदि थे। इधर मुख्य गन्ना अधिकारी डॉ. राजीव अरोरा ने बताया कि किसानों के साथ विवाद करने वाले आरोपी ठेकेदार की तरफ से लगे मजदूर हैं। विवाद किस बात को लेकर हुआ इसकी जांच होगी। इधर, भाकियू एकता उगराहा के प्रांतीय महामंत्री बल्ली सिंह चीमा ने कहा कि किसानों के साथ मारपीट चिंताजनक है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।