अलग -अलग सड़क हादसे में दो ने गवायी जान
गदरपुर (संवाद-सूत्र)। आये दिन सड़क दुर्घटनायें बढ़ रही है, जिससे दुर्घटना के दौरान कुछ घायल तो कुछ की मौत हो गई है।
अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। एक युवक को पैदल जाते समय बाइक सवार ने टक्कर मार दी हालांकि दूसरे युवक को साईकिल से जाते ट्रक ने कुचल दिया। दोनों शव का पुलिस ने पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर सायं मजराशीला निवासी जयंत उर्फ दुश्यंत (32) अपने घर मोबाइल रिचार्ज करवाकर आ रहा था। इस दौरान तेज गति से आ रही मोटर साईकिल ने दुश्यंत को टक्कर मार दी, टक्कर इतनी तेज थी कि जयंत उर्फ दुश्यंत गंभीर रूप से घायल हो गया। वही गम्भीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए रुद्रपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रुद्रपुर जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरी ओर शनिवार सुबह ग्राम चन्दपुरा निवासी कुलविन्दर सिंह पुत्र गुलजार सिंह (35) अपनी साईकिल से सकैनिया मोड़ पर जैसे ही चढ़ने लगा तो गदरपुर से काशीपुर जा रहे ट्रक की चपेट में आस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। कुलविंदर अपने पीछे पत्नी सहित 13 वर्ष के बच्चे को रोता बिलखता छोड़ गया है।

