आम व लीची के बेहतर उत्पादन के लिए करें दवाओं का छिड़काव


गूलरभोज (संवाद-सूत्र)।आम व लीची के अधिक उत्पादन के लिये अभी से ही आवश्यक कार्य व छिड़काव करना जरूरी है। उद्यान विभाग के वैज्ञानिक का कहना है कि मंजर (बौर) निकलने के समय से सही तरीके से यदि आम की देखभाल की जाए तो उत्तपादन में काफी वृद्धि होती है।

       फरवरी महीने के मध्य के बाद आम व लीची में मंजर आना शुरू हो जाता है। डॉ एके सिंह, उद्यान विभाग गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय ने बताया कि आम व लीची के अच्छे उत्तपादन के लिए समय से व सही दवाइयों का प्रयोग करना चाहिए। मंजर निकलने के समय फफूंद जनित पाउडरी मिल्ड्यू आदि रोग से बचाने के लिए डब्लूडी सल्फर का 2 ग्राम प्रति लीटर पानी में स्प्रे करना चाहिए। जबकि भुनका कीट के बचाव के लिए इमिडाक्लोप्रिड 3 मिली लीटर दवा 10 लीटर पानी में मिला कर स्प्रे करना चाहिए। इसके अलाव अच्छी कंपनी का माइक्रो न्यूट्रिएंट का स्प्रे करने से उत्तपादन में अप्रत्याशित वृद्धि होती होती है।