पानी की आपूर्ति न होने से जिला अस्पताल में डायलिसिस ठप
डायलिसिस सेंटर में नगर निगम के टैंकर से पानी उपलब्ध कराते कर्मचारी
रुद्रपुर (संवाद-सूत्र)। जिला अस्पताल में मेडिकल कॉलेज के गेस्ट हाउस और अन्य कार्यों का निर्माण चल रहा है। इस वजह से सोमवार शाम पानी की टंकी से जिला अस्पताल स्थित राही केयर प्राइवेट लिमिटेड के डायलिसिस सेंटर के आरओ को पानी मिलना बंद हो गया। आरओ से मरीजों की डायलिसिस के लिए पानी नहीं मिलने के कारण सेंटर में भर्ती मरीजों की डायलिसिस रोकनी पड़ी, जिससे मरीज और तीमारदार परेशान हो गए।
राही केयर के क्षेत्रीय प्रबंधक महेश शर्मा ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी, लेकिन पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। जिस कारण कुछ तीमारदार अपने मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने के लिए अधिकारियों से वार्ता करते रहे, लेकिन मरीज रेफर नहीं किए जा सके। मंगलवार को दोपहर बाद नगर निगम की ओर से पानी का टैंकर उपलब्ध कराया गया। इसके बाद मरीजों की डायलिसिस शुरू हो सकी। क्षेत्रीय प्रबंधक शर्मा ने कहा कि एक मरीज की डायलिसिस में करीब चार घंटे लगते हैं और 150 लीटर पानी की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने बताया कि बीते बृहस्पतिवार को भी पानी की आपूर्ति न होने के कारण कुछ घंटों के लिए डायलिसिस रोकनी पड़ी थी।

