31 अक्टूबर से पहले गृहकर जमा करने वालों को मिलेगी 5 फीसदी की छूट



रुद्रपुर (संवाद-सूत्र)। नगर निगम ने बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से नये वित्तीय वर्ष से गृह कर जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर कर दी है। इस निर्धारित तिथि से पहले गृहकर जमा करने वालों को 5 फीसदी की छूट दी जाएगी। जल्द ही निगम इसकी नियमावली तैयार करेगा फिर इसे लागू कर दिया जाएगा।

      नगर निगम में गृहकर जमा करने के लिए अभी तक कोई निर्धारित तिथि नहीं थी। कोई भी गृहकर स्वामी किसी भी समय या अपनी इच्छानुसार गृहकर जमा करता था। समय पर गृहकर जमा नहीं करने पर कोई अतिरिक्त पेनॉल्टी भी नहीं लगायी जाती थी। इसके अलावा निगम की कर विभाग की टीम हर वार्डों में कैंप लगाकर लोगों से गृहकर जमा करती थी। बावजूद कई लोग गृहकर जमा नहीं करते थे। अब निगम ने बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से इसका प्रस्ताव पास कर दिया है। बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद अब निगम इसकी नियमावली तैयार करेगा। इसके साथ ही यह भी तय किया जाएगा कि निर्धारित तिथि के बाद गृहकर जमा करने वालों से कितनी पेनॉल्टी वसूली जाएगी। नियमावली तैयार होने के बाद निगम इसे नए वित्तीय वर्ष से लागू कर देगा। निगम के अधिकारियों के अनुसार निगम में 40 वार्ड शामिल हैं। हालांकि, अभी गृहकर पूर्व के 20 वार्डों से लिया जाता है। इन वार्डों में गृहकर जमा करने वाले की संख्या 22923 से अधिक है।