मंत्रियों के विभाग तय करने में अभी लग सकता है कुछ समय



देहरादून (संवाद-सूत्र)। प्रदेश में नई सरकार अस्तित्व में आ गई है। मंत्रिमंडल के गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक भी हो चुकी है। अब इंतजार है तो मंत्रियों के विभाग आवंटन का, जिसमें अभी कुछ वक्त लग सकता है।उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के चुनाव के बाद भाजपा ने फिर सत्ता में वापसी की है।

लगातार दूसरी बार पुष्कर सिंह धामी के हाथों में कमान

  सरकार की कमान लगातार दूसरी बार पुष्कर सिंह धामी के हाथों में है। बुधवार को शपथ ग्रहण करने वाले आठ में से पांच मंत्री पिछली सरकार में भी थे, जबकि तीन नए चेहरे हैं।

    इन सबके बीच विभागों का बटवारा अभी होना शेष है। पहले यह माना जा रहा था कि कैबिनेट की बैठक के बाद मंत्रियों को विभाग आवंटित कर दिए जाएंगे, मगर ऐसा हुआ नहीं। दरअसल, मुख्यमंत्री अभी विभागों के आवंटन से पहले होमवर्क में जुटे हैं।

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को लखनऊ जा रहे हैं। वहां वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वह गोवा में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इसके बाद ही वह विभागों का आवंटन करेंगे।

  विभागों के आवंटन के दौरान मंत्रियों का अनुभव भी काफी अहम रहेगा। जो पिछली सरकार में भी मंत्री रहे हैं, उन्हें पुराने विभाग देने की संभावना काफी अधिक है। इसके अलावा इनके अनुभव को देखते हुए इन्हें कुछ नए अहम विभाग भी दिए जा सकते हैं।

  नए मंत्रियों को वे विभाग दिए जा सकते हैं, जो पूर्व में उन मंत्रियों के पास थे, जो भाजपा से वापस कांग्रेस में लौट गए थे। यह भी माना जा रहा है कि भाजपा के दृष्टिपत्र और प्राथमिकता के हिसाब से अन्य अहम विभाग मुख्यमंत्री अपने पास रखेंगे।