उत्तराखंड के छह और छात्र सुरक्षित लौटे, यूक्रेन में एक भारतीय की मौत से स्वजनों में खौफ
देहरादून (संवाद-सूत्र)। उत्तराखंड के छह और छात्र यूक्रेन से सुरक्षित लौट आए हैं। इसमें एक छात्रा और पांच छात्र शामिल हैं। सुरक्षित लौटे इन छात्रों में दो देहरादून, दो हरिद्वार, एक यूएस नगर और एक पौड़ी जिले से है। वहीं यूक्रेन में हुई गोलीबारी में एक भारतीय छात्र की मौत होने से वहां फंसे उत्तराखंड के छात्रों के स्वजन सहम गए हैं। उन्हें अपने बच्चों की चिंता हो रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी यूक्रेन में फंसे कुछ छात्रों के परिजनों से मिले हैं।
यूक्रेन से लौटे छात्र-छात्राओं के नाम
भानु प्रताप, देहरादून
मनीष कुमार थापा, देहरादून
कुर्बान अली हरिद्वार
कन्हैया हरिद्वार
प्रशांत यूएस नगर
रिया रावत पौड़ी
यूक्रेन में फंसे छात्रों के घर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने विधानसभा क्षेत्र चकरपुर-बनबसा के जंगल के बीच स्थित बनखंडी महादेव शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर आयोजित मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने मंदिर में जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। भगवान भोले से देश व प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद सीएम धामी ने लोहिया हेड रोड स्थित ऋषभ लोहिया एवं अंकुर वर्मा के घर पहुंचे। यह दोनों ही छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं। यहां धामी ने उनके परिजनों से मुलाकात कर दोनों छात्रों के जल्द ही स्वदेश लाए जाने का अश्वासन दिया।

