नाला निर्माण नहीं होने से क्षेत्रवासियों में रोष !
गूलरभोज (संवाद-सूत्र)। हरिपुरा जलाशय से गूलरभोज रेलवे क्रॉसिंग तक नवनिर्मित सड़क के किनारे जल निकासी के लिए नाला निर्माण नहीं होने से लोगों में रोष है। जलभराव का खतरा देख क्षेत्र वासियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर विधायक अरविंद पांडेय को नाला निर्माण को लेकर पत्र लिखा है।
दरअसल गदरपुर विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पाण्डेय ने अपने पिछले कार्यकाल में राज्य योजना के तहत लगभग पांच करोड़ की लागत से 2.74 किमी सड़क स्वीकृत कराई थी। बीते वर्ष जुलाई माह में सड़क निर्माण के प्रथम चरण के साथ सड़क के एक ओर नाला निर्माण पूरा हो चुका है, बरसात का मौसम आने वाला है इसके बावजूद सड़क का पूर्वी हिस्से पर नाला निर्माण नहीं हुआ। सड़क निर्माण के द्वितीय चरण का कार्य शुरू होने के दौरान क्षेत्र वासियों को पता चला कि फिलहाल नाला निर्माण की योजना नहीं है। इस बात से खफा लोगों ने विधायक को सैकड़ों हस्ताक्षर युक्त पत्र सौंपकर शीघ्र नाला निर्माण की मांग की।
हस्ताक्षर करने वालों में वीसी दीक्षित, नवीन चंद्र शर्मा, आन सिंह कोश्यारी, राम सिंह कुमैया, ठकुरी लाल, बीना कोश्यारी, किशोर कुमार, अजय सोम, सुनील शर्मा, इंद्र सिंह मेहता, राजू पाठक, दिनेश रावत, नरेंद्र भंडारी आदि रहे।


