पुलिस ने नाबालिग को किया बरामद
गदरपुर (संवाद-सूत्र)। लापता नाबालिग को पुलिस ने काफी खोजबीन के दौरान बरामद कर लिया है। पुलिस ने उसे बहला फुसलाकर ले जाने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा दिया है।
प्रभारी निरीक्षक विजेन्द्र शाह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि दोराहा मार्ग पर नाबालिग के हुलिए से मिलती-जुलती किशोरी एक युवक के साथ कहीं जाने के लिए खड़ी है। पुलिस टीम दोराहा मार्ग पर शर्मा पिक्चर हॉल को जाने वाले रास्ते पर पहुंची। पुलिस ने वहां खड़े युवक से पूछताछ की। इस दौरान खड़े युवक ने अपना नाम सतविंदर सिंह निवासी ग्राम खम्बारी, कोतवाली बाजपुर बताया, तत्पश्चात पुलिस दोनों को थाने ले आई। पुलिस ने पूर्व में दर्ज गुमशुदगी के मामले में धारा 363 व 366 की बढ़ोतरी करते हुए सतविंदर को हिरासत में ले लिया। मंगलवार को सतविंदर को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेजा गया है। वहीं, किशोरी को उसके परिजनों की सुपुर्दगी में सौंपा गया है।


