व्यापार मंडल के रविंद्र अध्यक्ष व शुभम बने कोषाध्यक्ष
शक्तिफार्म (संवाद-सूत्र)। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के रविंद्र अग्रवाल अध्यक्ष तथा शुभम मंडल (विक्की) कोषाध्यक्ष बने। वहीं शुभम अग्रवाल निर्विरोध महामंत्री चुने गए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का व्यापारियों ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया।
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल शक्तिफार्म के अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे से नगर के सनातन धर्म मंदिर में मतदान किया गया, जिसमें एक बजे तक 398 व्यापारियों ने मतदान किया। इसके बाद दो बजे से जिले से आए व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष राजकुमार भुड्डी, उपाध्यक्ष सतपाल गाबा, महामंत्री निर्मल सिंह हंसपाल, सुरेश जैन ने मतगणना किया। इसमें रविंद्र अग्रवाल ने राधा कृष्ण अग्रवाल को 50 मतों से पराजित कर अध्यक्ष तथा शुभम मंडल (विक्की) ने संजीत कुमार राय को 16 मतों से पराजित कर कोषाध्यक्ष बने। जबकि शुभम अग्रवाल को निर्विरोध महामंत्री घोषित किया गया। अध्यक्ष पद के रविंद्र अग्रवाल को 223 तथा राधा कृष्ण अग्रवाल को 173 मत मिले। एक वोट निरस्त किया गया। कोषाध्यक्ष पद के लिए शुभम मंडल (विक्की) को 205 तथा संजीत कुमार को 189 मत मिले। दो वोट निरस्त किया गया। जिला संगठन के पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष विनीत जैन, चुनाव समिति के मुख्य चुनाव अधिकारी विजय बागला तथा चुनाव संचालन समिति सदस्य ओमप्रकाश कालड़ा, राजेश रस्तोगी, कृष्ण कुमार शर्मा, जगदीश डालमिया, बलराम पोद्दार, पवित्र मंडल, राजीव गुप्ता, मूलचंद अग्रवाल सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।


