वन कर्मियों पर हमले के आरोपियों पर मुकदमा


दिनेशपुर/गूलरभोज (संवाद-सूत्र)। वनकर्मियों पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो खनन माफिया के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस दोनों की गिरफ्तारी को दबिश दे रही है।

      सोमवार को पीपल पड़ाव वन क्षेत्र में भाखड़ा नदी से अवैध खनन कर रहे खनन माफियाओं को खनन करने से रोकने पर वन आरक्षी अजय सिंह और वाचर जसवीर सिंह पर हमला कर दिया गया था। खनन माफियाओं ने फावड़े और कुल्हाड़ी से दोनों वन कर्मियों पर जानलेवा हमला किया था। इस घटना में दोनों वनकर्मी घायल हो गए थे। जिन्हें गदरपुर सीएससी में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर हालत में वन आरक्षी अजय को हायर सेंटर रेफर किया गया। वहीं हमले के बाद आरोपी खनन माफिया फरार हो गए। वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम ने बताया दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कुल्हा निवासी कुलदीप सिंह व निशान सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ धारा 186, 332, 353 और 504 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार जोशी ने बताया यदि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाती है तो उनके खिलाफ कोर्ट से कुर्की की नोटिस जारी कराया जाएगा। उसके बाद आरोपियों के घरों में बुलडोजर भी चलाया जा सकता है।