पालिका प्रशासन ने चलाया ठंडी नदी में सफाई अभियान
गदरपुर (संवाद-सूत्र)। बरसात के मौसम को ध्यान में रखकर पालिका प्रशासन ने ठंडी नदी में सफाई का कार्य शुरू कर दिया है, जो लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा।
शुक्रवार को पालिका अध्यक्ष गुलाम गौस और ईओ प्रवीण कुमार सक्सेना ने करतारपुर मोड़ पर ठंडी नदी के पुल के पास जेसीबी मशीन की मदद से चल रहे सफाई कार्य का निरीक्षण किया। जेसीबी मशीन ने नदी के अंदर घुस कर जमी हुई मिट्टी और जंगली पेड़ पौधों को हटाया। पालिका अध्यक्ष गौस ने बताया कि ठंडी नदी की सफाई न होने से बारिश के मौसम में प्रवाह में अवरोध उत्पन्न होता था जिससे जलभराव की स्थिति बन जाती थी। सफाई होने से जलभराव से निजात मिल सकेगी। ठंडी नदी की जेसीबी मशीन से सफाई होने से वार्ड वासियों ने भी खुशी जताई है।
इस दौरान पूर्व सभासद बृजेश चैधरी, सीताराम सिंह, जुगल किशोर गुप्ता, तारीख उल्ला खान, मोहम्मद यूनुस उस्मानी, रमेश कुमार, नितिन कुमार, संजीव कुमार आदि मौजूद थे।


