सरकारी सस्ता गल्ला दुकान पर सीधे होगी खाद्यान्न की आपूर्ति
गूलरभोज (संवाद-सूत्र)। सस्ता गल्ला विक्रेताओं को अब सीधे उनकी दुकान पर खाद्यान्न की आपूर्ति की जाएगी। सोमवार को पीडीएस सेंटर गूलरभोज से संभागीय खाद्य नियंत्रक बीएस चलाल ने खाद्यान्न से भरे वाहन को हरी झंडी दिखाकर इस योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कि इस योजना के लागू होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आने के साथ ही सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं को सीधे उनके दुकान पर खाद्यान्न का आवंटन किया जाएगा। गदरपुर और बाजपुर के करीब 150 राशन डीलरों को काफी सहूलियत मिलेगी साथ ही खाद्यान्न की कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
इस मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह, संभागीय विपणन अधिकारी लता मिश्रा, उप संभागीय विपणन अधिकारी अशोक आर्य, वरिष्ठ विपणन अधिकारी राहुल भट्ट, दिनेश बिष्ट, अशोक बत्रा, मोहन सिंह चैहान आदि मौजूद रहे।


