यूक्रेन में फंसे ऊधमसिंह नगर के सात छात्र, दो का नहीं चल रहा पता



रुद्रपुर (संवाद-सूत्र)। यूक्रेन में पढ़ाई करने गए उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के 54 विद्यार्थियों में पांच छात्र स्वदेश लौट गए हैं। जबकि सात विद्यार्थी यूक्रेन में अभी भी फंसे हैं और दो छात्रों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। 40 छात्र किसी तरह यूक्रेन से बाहर रोमानिया, हंगरी, स्लोवाकिया व पोलैंड बार्डर पर ठहरे हुए हैं। इन्हें रहने व खाने की व्यवस्था भारतीय दूतावास ने कर रखी है। हालांकि जिन छात्रों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, उनसे संपर्क में जिला प्रशासन जुटा है।

        मेडिकल, एमबीए सहित अन्य विषय की पढ़ाई करने ऊधम सिंह नगर के 54 विद्यार्थी पढ़ाई करने गए थे। यूक्रेन व रूस के बीच हुए बमबारी से भारतीय छात्रों को वहां से निकालने के लिए भारत सरकार सक्रिय हो गई। छात्रों को हंगरी, पोलैंड, स्लोवाकिया, रोमानिया बार्डर पर पहुंचने के लिए भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की गई थी। इससे छात्र पैदल या साधन के जरिये किसी तरह यूक्रेन बार्डर पर पार किए। इनमें कुछ विद्यार्थी यूक्रेन में ही फंस गए हैं। 

        जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के मुताबिक यूएस नगर के पांच विद्यार्थी घर पहुंच गए हैं। इनमें तुषार सिंह निवासी पचोरिया चकरपुर खटीमा, कादंबिनी मिश्रा निवासी गिरीताल काशीपुर, ललित कुमार निवासी ग्राम मेघावाला जसपुर, प्रशांत कुमार निवासी नई मंडी जसपुर और आशुतोष पाल निवासी आवास विकास रुद्रपुर आ चुके है। सात छात्र अभी भी यूक्रेन के सूमी, खारकीव, पोटावा व लवीव शहर में फंसे हैं। दो छात्रों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। हालांकि इनके संपर्क के लिए जिला प्रशासन ने लगा है। बाकी 40 विद्यार्थी पोलैंड, हंगरी, रोमानिया व स्लोवाकिया में रुके हुए हैं। यह सभी सुरक्षित हैं और उन्हें खाने व रहने की व्यवस्था भारतीय दूतावास की ओर से की गई है। इन लोगों को जल्द स्वदेश फ्लाइट से लाया जा सकेगा।\

अपडेट कर रहा प्रशासन

       यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की सूचना लेने के लिए भारत सरकार ने व्हाट्सअप ग्रुप बनाया है। जिस पर सभी जिला प्रशासन छात्रों की सूचना अपडेट कर रहा है कि कितने छात्र अभी भी यूक्रेन में फंसे हैं, कितने आ चुके हैं, कितने यूक्रेन सीमा पारकर पोलैंड, हंगरी, रोमानिया व स्लोवाकिया में सुरक्षित पहुंच चुके हैं।