दो साल बाद भी नही शुरू हो सका मिनी ब्लड बैंक -क्षेत्र में ब्लड बैंक की मांग को लेकर समाजसेवियों ने रखे अपने तर्क


संवाददाता:- सागर धमीजा

गदरपुर। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लड बैंक स्थापित करने की मांग को लेकर ब्लड मेन व 108 कहलाने वाले संदीप चावला कल 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस पर अपने रक्त से पत्र लिखकर जिलाधिकारी को सौंपेंगे। इसको  संदीप चावला द्वारा ब्लड बैंक की मांग को लेकर नगर के समाजसेवी व अन्य लोग उनके साथ बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। चावला द्वारा किये जा रहे कार्य के विषय में नगर के समाजसेवियों से वार्तालाप किया गया तो उन्होंने अपना तर्क इस प्रकार रखा:-

(विजय सुखीजा )

       गदरपुर मोक्ष सेवा समिति के अध्यक्ष विजय सुखीजा ने कहा कि क्षेत्र में ब्लड बैंक का होना आवश्यक है यह आज के समय की जरूरत है। अधिक से अधिक लोग रक्तदान करने के लिए प्रेरित हों, यह भी एक आवश्यक कार्य है, इसलिए ब्लड बैंक आज के समय की मांग है, संदीप चावला द्वारा किए जा रहे ब्लड बैंक की मांग व उनके कार्य के लिए हम उनके साथ खड़े हैं।

(कृष्ण लाल सुधा )

    उत्तरांचल पंजाबी महासभा के अध्यक्ष कृष्ण लाल सुधा ने कहा कि आज के समय में लोग अपने काम से काम रखते हैं, कुछ ही लोग समाज सेवा में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं, जिसमें एक नाम नगर के संदीप चावला का भी हैं, जो लोगों के साथ हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर चलता हैं, चाहे दिन हो या रात, चाहे कोई मुस्लिम हो, हिन्दू हो या अन्य समुदाय का बिना भेदभाव के सहायता करने के लिये हमेशा आगे रहते है, तो इस कर्तव्य के नाते हमें भी संदीप चावला के साथ मिलकर शहर में ब्लड बैंक की मांग को लेकर आगे आना चाहियें। 

(लीना संजीव झाम)

      पालिका सभासद लीना संजीव झाम ने कहा ब्लड-बैंक में दान दिए गए रक्त को सुरक्षित रखा जाता है। किसी भी व्यक्ति को रक्त की आवश्यकता पड़े तो उसके लिए किसी भी रक्त समूह का रक्त वहां से लिया जा सकता है, जिससे आपातकालीन स्थिति में जरूरतमंद व्यक्ति की जानबचाई जा सकती है, अगर शहर में ब्लड बैंक स्थापित हो जायेगा तो क्षेत्र के लोगों को रक्त के लिये कोई चिन्ता नही रहेगी। 

(सोमनाथ छाबड़ा )

    श्री जय भवानी जागरण मंडल के अध्यक्ष सोमनाथ छाबड़ा ने कहा कि जब क्षेत्र के मरीजों को रक्त की जरूरत पड़ती है तो रक्त न मिलने के कारण जरूरतमंद मरीजों को रुद्रपुर के लिए रेफर कर दिया जाता है जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, इसी कारण रक्त बैंक का क्षेत्र में अत्यधिक आवश्यकता है।

(ऋषभ काम्बोज )

      सभासद ऋषभ काम्बोज ने कहा कि संदीप चावला लोगों की सेवा के लिये सदैव आगे आने वाला व्यक्ति है व उनके द्वारा प्रत्येक कार्य लोगों के लिये लाभदायक है, ब्लड बैंक का होना प्रत्येक क्षेत्र में जरुरी हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को रक्त के लिये बाहर न भटकना पड़े, समय रहते पर्याप्त मात्रा में रक्त मिल सके। 

(दीपक बेहड़ )

     व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़ ने बताया कि क्षेत्र के अंतर्गत अनेको गांव आते हैं जिसमें हजारों की संख्या में लोग निवास करते हैं साथ ही जब किसी कारणवश जरूरतमंद को रक्त की आवश्यकता होती है तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्त न मिलने से पीड़ित को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है इसी कारण ब्लड बैंक खोलना जरूरी है व संदीप चावला द्वारा किए जा रहे कार्य एक सराहनीय है जिसमें क्षेत्र के सभी लोग उनके साथ खड़े हैं।

(डा0 ओपी खुराना)

      क्षेत्रीय चिकित्सक डा0 ओपी खुराना ने कहा कि रक्त बैंक एक तरह का बैंक होता है जहां पैसे की वजह ब्लड को संग्रह किया जाता है जहां से जरूरत पड़ने पर कोई भी व्यक्ति बदले में ब्लड देकर अपने जरूरत के अनुसार ब्लड बैंक से ब्लड ले सकता है जहां पर दान किया हुआ ब्लड रखा जाता है और जरूरतमंद को रक्त दिया जाता है, इसी कारण हम समझ सकते हैं कि अपने क्षेत्र में ब्लड बैंक होना कितना आवश्यक है।

(अंकित मुरादिया)

   इसको लेकर रक्तदाता सेवक अंकित मुरादिया ने कहा कि आज के समय में हर शहर में ब्लड बैंक होना जरुरी हो चुका हैं, क्योंकि अब लोगों का जीवन पहले के तौर पर नही रहा, प्रत्येक घर में कोई न कोई व्यक्ति किसी न किसी बीमारी से जूझ रहा हैं, जिससे बीमारी से जूझ रहे व्यक्ति को कभी भी रक्त की जरुरत पड़ सकती हैं। 

(गीता पपोला)

       आंगनबाड़ी सुपरवाइजर गीता पपोला ने कहा ब्लड-बैंक का शहर में स्थापित होना जरुरी हैं क्योंकि आपातकाल की स्थिति में कोई भी व्यक्ति ब्लड बैंक से रक्त ले सकता है, कहा कि ब्लड बैंक में रक्तदान करने से आप कई लोगों की मदद कर सकते हैं,  ब्लड बैंक से किसी भी वर्ग का रक्त आसानी से मिल जाता है। इससे आपको कोई भी रक्तदाता तलाशने की जरूरत नहीं पड़ती।

(संतोष गुप्ता )

       एडवोकेट संतोष गुप्ता ने कहा कि ब्लड बैंक की मांग को लेकर हम ब्लड मेन व 108 कहलाने वाले संदीप चावला के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं, रक्त दान तो महादान हैं इसी प्रकार जब व्यक्ति अपना रक्त ब्लड बैंक में डोनेट करेगा तो जरुरतमंद को इसका लाभ मिलेगा। जब शहर में ब्लड बैंक स्थापित हो जायेगा तो क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले ग्रामीणों को भी इसका भरपूर फायदा मिलेगा।

(नमन सिंह )

     रक्तदाता सेवक नमन सिंह ने कहा कि ब्लड बैंक के सहारे जरुरत मन्द व्यक्ति को रक्त के लिये कही बाहर नही भटकना पड़ेगा व कम से कम समय में रक्त की मात्रा को लेकर जरुरत मन्द के शरीर का रक्त पूरा हो सकेगा। 

(नैब सिंह धालीवाल )

       शिक्षा समाज से जुड़े नैब सिंह धालीवाल ने कहा कि आज के समय वह स्थान जहाँ किसी व्यक्ति के शरीर से निकाले हुए रक्त और प्लाविका (ब्लड प्लाजमा) सुरक्षित रखे जाते हैं और आवश्यकता पड़ने पर किसी को दिए जाते हैं, वही ब्लड बैंक होता हैं, क्षेत्र के लोगों को रक्त के लिये अधर से उधर भटकना पड़ता हैं जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता हैं, अगर रक्त बैंक नगर में स्थापित हो जायेगा तो क्षेत्र के लोगों को रक्त के लिये कही नही भटकना पड़ेगा। 

     सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्सक संजीव सरना ने कहा कि रक्त शरीर के लिए अत्यंत आवश्यक है यह ऑक्सीजन को फेफड़ों से शरीर के विभिन्न भागों में ले जाता है व पचे अवशोषित भोजन को अंतरियो से पूरे शरीर के विभिन्न भागों में ले जाता है व बताया कि रक्त की कमी से चक्कर, कमजोरी बहोशी जैसी समस्यायें होती है अत्यधिक रक्त की कमी से व्यक्ति की मृत्यु भी हो जाती है जिस कारण आज के दौर में क्षेत्र में ब्लड बैंक होना अत्यंत आवश्यक है जिससे इंसान को जरूरत पड़ने पर पर्याप्त मात्रा में रक्त मिल सके।