रुद्रपुर के कुमाऊं फुटवियर में लगी आग, शोरूम और गोदाम जलकर राख


रुद्रपुर (संवाद-सूत्र)। कुमाऊं फुटवियर में लगी आग से जूते का शोरूम व गोदाम पूरी तरह से जल कर खाक हो गया। दमकल विभाग के चार वाहनों ने आग पर काबू पाया। विभाग की मशक्कत से आग पर समय रहते काबू पा लिए जाने से आग को बाजार में फैलने से रोक लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

        मंगलवार रात लगभग दस बजे गुड़ मंडी स्थित कुमाऊं फुटवियर का स्वामी अजीम रजा निवासी सिरोली कलां थाना पुलभट्टा किच्छा दुकान बंद कर घर चला गया था। उसके जाने के बाद ही शॉट सर्किट के कारण दुकान में आग लग गई। लगभग साढ़े 11 बजे दुकान के शटर से धुआं निकलते देख किसी ने उसको फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी तो वह आनन फानन में वहां पहुंचा।

        सूचना पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। तब तक आग पूरी तरह से दुकान में फैल गई थी। चारों तरफ धुआं फैल गया था। दमकल विभाग ने शटर तोड़ा तो दुकान के अंदर फैले धुएं के बीच काम करना दूभर हो गया। ऐसे में दमकल विभाग ने विपरित परिस्थितियों में काम करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद दुकान में फैली आग पर काबू पाया। अग्निशमन अधिकारी दया किशन के अनुसार आग से दस से पंद्रह लाख का नुकसान हुआ है।

तीन वाहन रुद्रपुर व एक सिडकुल से मंगाया

       कुमाऊं फुटवियर में लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को मशक्कत करनी पड़ी। विभाग ने चार वाहन आग बुझाने में लगाई जिसमें तीन वाहन रुद्रपुर दमकल विभाग से मंगाए वहीं जरुरत पड़ने पर एक वाहन सिडकुल से मंगाना पड़ा। लगभग डेढ़ घंटे में विभाग ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया था।

दुकान बंद करने के दौरान ही लगी आग

         दुकान बंद करने के दौरान ही शॉट सर्किट से आग लग गई। दुकान स्वामी दुकान बंद कर घर चला गया और पीछे से आग अंदर ही अंदर सुलगती रही। मात्र डेढ़ घंटे बाद ही दुकान के शटर से धुआं बाहर आना शुरु हो गया था। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि दुकान बंद करने के बाद लगी आग धीरे धीरे अंदर सुलगती रही होगी।