गूलरभोज में अलग-अलग सड़क हादसे में एक की मौत, चार घायल

गूलरभोज (संवाद-सूत्र)। गूलरभोज गदरपुर मार्ग पर आधे घंटे के भीतर 200 मीटर के दायरे में अलग-अलग दो हादसों में एक मौत हो गई। जबकि एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है।

        रविवार रात को सोबन सिंह (24) पुत्र ठाकुर सिंह निवासी जलाशय भीतर नगलटिया खत्ता बाइक से गूलरभोज से गदरपुर की ओर जा रहा था। विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार विवेक सैनी (18) निवासी सरदारनगर गदरपुर से भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवक बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल रुद्रपुर भेजा। सोबन सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया। हल्द्वानी जाते हुए रास्ते में सोबन सिंह ने दम तोड़ दिया। जबकि विवेक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

          वहीं, दूसरे हादसे एएनके इंटर कॉलेज के समीप हुआ। राजकुमार रघुवंशी बाइक से पत्नी और बेटी के साथ गूलरभोज से अपने घर भरतपुर गांव जा रहे थे। भरतपुर मोड़ पर पीछे से आ रही स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। चालक स्कॉर्पियो रोकने की बजाय उनको रौंद कर गदरपुर की ओर तेज रफ्तार से भाग गया। हादसे में राजकुमार को सिर व हाथ पैरों में गंभीर चोटें आई। पत्नी व बेटी भी घायल हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन राजकुमार व उनकी पत्नी को निजी अस्पताल रुद्रपुर ले गए। यहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्कॉर्पियो और चालक को गदरपुर में पकड़ लिया।