गदरपुर विकास खंड का सीडीओं ने किया निरीक्षण, कनिष्ठ अभियंता और सहायक समाज कल्याण अधिकारी मिले अनुपस्थित
गदरपुर (संवाद-सूत्र)। सीडीओ विशाल मिश्रा ने शुक्रवार को विकास खंड गदरपुर का निरीक्षण किया। लघु सिंचाई के कनिष्ठ सहायक अभियंता टिंकू सिंह, सहायक समाज कल्याण अधिकारी करम सिंह राणा उन्हें गैरहाजिर मिले। सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए बीडीओ को इन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान सीडीओ को विकास खंड के अधिकारियों व कर्मचारियों के पास परिचय पत्र एवं उनके नाम, पदनाम, मोबाइल नम्बर की नाम पट्टिका संबंधित कर्मचारियों की मेजों पर नहीं मिले। उन्होंने नाराजगी जताते हुए सुधार लाने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान मनरेगा योजना के तहत अमृत सरोवर, आंगनबाड़ी केंद्र, ग्रोथ सेंटर आदि की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। ग्राम पंचायत अलखदेवी में आंगनबाड़ी केंद्र के भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध न होने पर बीडीओ को तहसीलदार गदरपुर से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर भूमि चयनित करने के निर्देश दिये। पूर्ण निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों को संबंधित विभागों को नियमानुसार हस्तांतरित करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान जिन ग्रोथ सेंटर में कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्य प्रारंभ करें। मिट्टी के उत्पाद तैयार करने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों का चयन करने की बात कही।


