24 घंटे के भीतर जसवीर हत्याकाण्ड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
संवाददाता:- सागर धमीजा
गदरपुर (सागर धमीजा)। क्षेत्र के ग्राम बहरा बजीर में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर हत्याकाण्ड का खुलासा कर दिया है। हत्याकाण्ड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पकड़े गये बदमाशो से बाइक समेत दो तमंचे व कारतूस बरामद हुए हैं। एसएसपी ने पुलिस टीम को 5000 रुपये ईनाम देने की घोषणा की।
बताते चले कि गदरपुर थाना अंतर्गत ग्राम बहरा वजीर में शुक्रवार शाम को ग्राम चन्दनपुरा निवासी जसवीर सिंह उर्फ पिच्चू पुत्र गुरबक्श सिंह को बाइक पर सवार दो युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्याकाण्ड के बाद आरोपी फरार हो गये थे। मामले में मृतक के भाई सिकन्दर पाल ने तहरीर देकर कहा था कि घटना वाले दिन उसका भाई जसवीर सिंह उर्फ पिच्चू पास के ही ग्राम बजरा बजीर में रमेश की किराना की दुकान मे कोल्ड्रिंक लेने गये थे जैसे ही कोल्ड्रिंक लेकर दुकान से बाहर आये तभी रोशनपुर निवासी जगजीत सिंह, प्रदीप सिंह, गुरबचन सिंह, विश्वजीत सिंह और सुरजीत सिंह दो बाइकों पर सवार होकर वहां आये और गाली गलौच करते हुए जसवीर सिंह उर्फ पिच्चू पर तमन्चे से फायर कर दिया। घायल जसवीर को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मामले में पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी छानबीन शुरू की। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गयी।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने खुलासा करते हुए पत्रकारों को बताया कि पुलिस टीम ने मामले में आरोपी जगजीत सिहं उर्फ जग्गा पुत्र बलबीर सिंह निवासी ग्राम रोशनपुर, थाना गदरपुर, प्रदीप सिहं पुत्र सुरजीत सिंह निवासी ग्राम रोशनपुर को रविवार तड़के गदरपुर के डलपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मृतक जसवीर सिंह उर्फ पिच्चू के साथ उनकी गहरी दोस्ती थी कुछ समय पहले पैसों के लेनदेन को लेकर मृतक से विवाद हो गया था उक्त विवाद के चलते ही उन्होंने शुक्रवार शाम को जसवीर की हत्या कर दी। आरोपियो की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल के साथ दो तमंचे और तीन कारतूस भी बरामद किये गये। एसएसपी ने बताया कि मृतक जसवीर सिंह उर्फ पिच्चू भी आपराधिक मामलों में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ थाना गदरपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं।
खुलासा करने वाली टीम में गदरपुर थानाध्यक्ष विजेन्द्र शाह, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश, गूलरभोज उपनिरीक्षक सुनील सुतेडी, उपनिरीक्षक गिरीश चन्द्र पंत, कांस्टेबल कैलाश चन्द्र, प्रकाश टम्टा, इमरान अंसारी, विमल टम्टा, दीपक जोशी आदि शामिल थे।


