गदरपुर में प्रतिबंधित पॉलिथीन मिलने पर दो दुकानदारों पर लगा जुर्माना
गदरपुर। प्रतिबन्धित पॉलिथीन के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए प्रशासन व नगर पालिका की टीम ने शहर में संयुक्त रुप से अभियान चलाकर दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान टीम को करीब पांच कुन्तल पाॅलिथीन बरामद हुई। छापामारी अभियान से व्यापारियों में हडकम्प मच गया।
मंगलवार को एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट तथा नगर पालिका अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार सक्सेना की टीम ने मुख्य बाजार की चार दुकानों पर छापामारी के दौरान दो दुकानों से लगभग पांच कुंतल प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की।
छापेमारी के दौरान आवास विकास वार्ड नंबर 6 के शुभम ट्रेडर्स के स्वामी विजय कुमार तथा सोनू तनेजा द्वारा प्रतिबन्धित पॉलिथीन के इस्तेमाल करने पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
छापेमारी की सूचना पर पहुंचे व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं अन्य व्यापारियों ने एसडीएम से वार्ता कर कहा कि व्यापरियों का किसी भी कीमत पर उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। कहा कि 75 माइक्रोन से अधिक वाली पॉलीथिन और अन्य सामान को जो जब्त किया गया है इसे व्यापारियों को वापस किया जाये। व्यापार मंडल ने कहा कि उनके द्वारा भी व्यापारियों से भी अनुरोध किया गया है कि वह प्रतिबंधित पॉलीथिन एवं थर्माकोल से बनी वस्तुओं को न बेचे न ही उसका उपयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर अभियान चलाया जाएगा।
इस मौके पर पालिका कर्मियों में युगल किशोर, वीरेन्द्र कुमार, विजेन्द्र कुमार, सीताराम आदि मौजूद थे।


