सिडकुल, दिनेशपुर के लिए सिटी बसों का संचालन शुरू
रुद्रपुर (संवाद-सूत्र)। डीडी चैक होते हुए सिडकुल, दिनेशपुर व वापस सिडकुल कर्मियों को लाने के लिए शहर में सिटी बसों का संचालन शुरू किया गया है। सोमवार को मेयर रामपाल सिंह, एसएसपी डा. मंजूनाथ टीसी व आरटीओ संदीप सैनी ने संयुक्त तौर पर सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एसएसपी ने कहा कि बस सेवा शुरू होने से सैकड़ों फैक्ट्री कर्मियों को लाभ होगा। उनको गंतव्य तक जाने के लिए यातायात का कोई साधन सटीक नहीं था। सिडकुल क्षेत्र के लिए सिटी बस सेवा वरदान साबित होगी। किसी को भी सिटी बस का इंतजार नहीं करना होगा। एक बस के जाने के बाद दूसरी बस तत्काल मिलेगी। नई सिटी बस सेवा डीडी चैक स्थित पंडित राम सुमेर शुक्ल पार्क से हल्द्वानी रोड पर सिडकुल चैराहे से होते हुए सिडकुल पानी की टंकी, ट्रांजिट कैंप ढाल होकर वापस दिनेशपुर तक संचालित की जाएगी। कुछ सिटी बसों को सिडकुल ढाल से डीडी चैक पहुंचेंगी। आरटीओ ने सिटी बस चालकों से कहा कि वह यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। मेयर ने कहा कि सिटी बस सेवा से आम यात्रियों की काफी समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। एसएसपी ने बस यूनियन के स्टापेज का भी निरीक्षण किया।
इस मौके पर एआरटीओ पूजा नयाल, एआरटीओ बीके सिंह, राकेश सिंह,विनय श्रीवास्तव, आशुतोष शर्मा, अनूप सिंह, राजेश मिश्रा, संजीव तोमर आदि थे।


