केन्द्र की भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपना रही हैं:- मीना शर्मा
रुद्रपुर। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष और 66 विधानसभा रुद्रपुर से विधायक पद की कांग्रेस की प्रत्याशी रही मीना शर्मा ने कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। शुक्रवार को जिस तरह से देशभर में बढ़ती महंगाई के विरुद्ध कांग्रेस के प्रदर्शन में पहुंचे हजारों लोगों पर पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज और उन्हें खदेड़ने का कार्य किया गया उसकी जितनी निंदा की जाए कम है।
काग्रेस पूर्व विधायक मीना शर्मा ने कहा कि आज विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है जो लोकतंत्र की मर्यादाओं का उल्लंघन है। शर्मा ने दिल्ली प्रदर्शन से लौटने के बाद कहा कि केंद्र सरकार के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त प्रदर्शन किया जिससे केंद्र की भाजपा सरकार बौखला गई है, कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा की गुंडागर्दी और हिटलर शाही से डरने वाला नहीं है। इस दौरान श्रीमती शर्मा ने महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा नेटटा डिसूजा और उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के साथ संसद भवन मार्च में शामिल होकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर महिलाओं में रुद्रपुर महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष मोनिका ढाली, किच्छा महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुनीता कश्यप, सोनू शर्मा, प्रियंका इंद्रावती, सरोज सहित काफी संख्या में महिलायें व अन्य मौजूद थे।




